जासं, सोनभद्र: ठिठुर कर स्कूल जा रहे एक लाख नौनिहाल, स्वेटर वितरण की धीमी चाल से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की जान पर बन आई, अभी तक 48 फीसद बच्चों को नहीं मिला स्वेटर


जासं, सोनभद्र: एक लाख परिषदीय विद्यालयों के बच्चे ठंड में ठिठुर कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद नौ दिसंबर तक परिषदीय विद्यालयों के 48 फीसद बच्चों को स्वेटर का वितरण नहीं हो सका था। बीएसए का दावा है कि 15 दिसंबर तक सौ फीसद बच्चों को स्वेटर का वितरण कर दिया जाएगा।
अधिकारी, कर्मचारी हो या फिर आम आदमी दिन में ऊनी कपड़ों को पहनकर घर से बाहर निकल रहा है लेकिन, दूसरी तरफ परिषदीय विद्यालयों के एक लाख छात्रों को अभी तक स्वेटर का वितरण ही नहीं किया गया है। वे कोहरा के बीच ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। ठंड लगने से ये बच्चे खाट भी पकड़ ले रहे हैं। ठंड में बिना स्वेटर स्कूल पहुंच रहे बच्चे विद्यालय जाने से भी कतराने लगे हैं। गौरतलब है कि मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में 30 नवंबर तक हर हाल में स्वेटर का वितरण करने का निर्देश जारी किया था। जिला बेसिक कार्यालय से मिली सूचना के मुताबिक 29 नवंबर तक महज 40 फीसद छात्रों को ही स्वेटर मिल सका था। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 30 नवंबर के बाद करीब 75 हजार स्वेटर की खेप पहुंची थी, जिसका वितरण कर दिया गया है।