सोनभद्र : पुरानी पेंशन एवं प्रेरणा एप्प के विरोध में शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
सोनभद्र। पुरानी पेंशन बहाली सहित 21 सूत्री मांगों के समर्थन में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मांगे पूरी नहीं होने पर 17 जनवरी से उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। संघ के जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय ने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक को न्यूनतम वेतनमान 17140 और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को 18150 रुपये वेतन देने की मांग की। प्रेरणा एप एवं सेल्फी के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति का आदेश वापस लेने की मांग की। शिक्षकों की बीमा राशि पांच लाख करने, सेवानिवृत्त एवं मृत शिक्षकों के कर्मचारियों को सारी सुविधाएं प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा अन्य मांगे शिक्षकों ने पूरी करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से जयप्रकाश राय, अशोक कुमार सिंह, शशांक चतुर्वेदी, राजेश द्विवेदी, गणेश पांडेय, नवीन कुमार, राजेश कुमार, गायत्री त्रिपाठी, वैशाली, जितेन्द्र चौबे, चंद्रजीत, आनंद त्रिपाठी, शहनाज बानो आदि शामिल रहे।